15 फरवर क तज न्यूज़ - 15 pharavar ka taj nyooz

'ये भी जरूरी है दिखाना है कि वे बिल्कुल तैयार हैं। अगर युद्ध होता है तो हो जाए। इसलिए मुझे लगता है, जिस तरह के समीकरण बन रहे हैं। रूस अपनी सेनाओं को बढ़ा रहा है। और पश्चिमी देश वहां से अपने लोगों को हटा रहे हैं। दोनों ही ये दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि युद्ध होता है तो दोनों ही साइड सेनाएं तैयार खड़ी हैं।' क्या रूस, यूक्रेन में युद्ध होने ही वाला है? इस सवाल के जवाब में ये कहना है हर्ष वी. पंत का, जो रक्षा और विदेश मामलों के जानकार हैं।

नमस्कार!
आज है मंगलवार, 15 फरवरी और आप सुन रहे हैं डेली न्यूज़कास्ट। पूरी बात सुनते हैं कुछ देर में, उससे पहले एक नज़र इस वक्त की बड़ी ख़बरों पर :

लाल किले पर धार्मिक झंडा लगाने वाले दीप सिद्धू की मौत
पंजाबी फिल्मों के मशहूर अभिनेता दीप सिद्धू का मंगलवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के वक्त दीप सिद्धू अपनी मंगेतर के साथ गाड़ी में सवार होकर दिल्ली से पंजाब लौट रहे थे। यह रोड एक्सीडेंट पिपली टोल प्लाजा के पास हुआ। इसमें दीप सिद्धू की मौत हो गई, वहीं उनकी मंगेतर रीना बुरी तरह घायल हो गईं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

गृह राज्य मंत्री टेनी का बेटा रिहा
लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोपी गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी का बेटा आशीष मिश्रा मोनू रिहा हुआ। आशीष 129 दिनों से जेल में बंद था। इससे पहले सोमवार को जिला अदालत ने उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था।

भारतीय नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की सलाह
रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अस्थायी रूप से यूक्रेन छोड़ने की सलाह। भारतीय दूतावास ने खासतौर पर भारतीय छात्रों को स्वदेश लौटने को कहा। अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देश पहले ही अपने नागरिकों को वापस बुला चुके हैं।

यूट्यूब ने संसद टीवी का ऑफिशियल अकाउंट बंद किया
सोशल वीडियो प्लैटफॉर्म यूट्यूब ने संसद टीवी के ऑफिशियल अकाउंट को बंद किया। संसद टेलीविजन के जॉइंट सेक्रेटरी पुनीत कुमार के मुताबिक- साइबर क्रिमिनल्स ने चैनल को हैक करके यूट्यूब की गाइडलाइंस तोड़ी, जिसकी वजह से चैनल बंद हुआ।

धर्मगुरु यति नरसिंहानंद को जमानत
महिलाओं के ख़िलाफ़ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में धर्मगुरु यति नरसिंहानंद को जमानत मिली। नरसिंहानंद हरिद्वार धर्म संसद में एक समुदाय के ख़िलाफ़ हेट स्पीच के भी आरोपी हैं। इस मामले में भी उन्हें जमानत मिल चुकी है।

हसीना के ठिकानों पर छापेमारी
मुंबई में अंडरवर्ल्ड से जुड़े लोगों के ठिकानों पर ईडी की टीम ने छापा मारा। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर के ठिकानों को भी खंगाला गया। जानकारी के मुताबिक, ED ने छोटा शकील के रिश्तेदार सलीम फ्रूट को हिरासत में लिया।


चारा घोटाले के एक केस में लालू यादव दोषी
चारा घोटाले के डोरंडा केस में भी RJD सुप्रीमो लालू यादव (Lalu Prasad Yadav) दोषी करार। सीबीआई स्पेशल कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला। यह मामला 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है। 55 आरोपियों की मौत हो चुकी है। 24 अभियुक्त हुए बरी। 36 लोगों को 3-3 साल की सजा सुनाई गई।


पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा
पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा झटका। पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने पार्टी से दिया इस्तीफा। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा है।

ओवैसी पर हमले के लिए चार साल पहले खरीद लिए थे हथियार
Asaduddin Owaisi पर हमले के मामले में नया खुलासा। रिमांड पर लिए गए आरोपी सचिन और शुभम ने खोले चौंकाने वाले राज। चार साल पहले ही खरीद लिए थे हथियार।


जल्द लगेगी नई स्वदेशी वैक्सीन
12 से 18 साल के किशोरों को जल्द लगेगी नई स्वदेशी वैक्सीन। 'कोर्बेवैक्स' वैक्सीन की मंजूरी के लिए सरकार ने डीसीजीआई यानी दवा नियंत्रक महानिदेशक को भेजा प्रस्ताव।

अब ख़बरें काम की
1. सीटेट दिसंबर परीक्षा के रिजल्ट आज होंगे जारी। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट ctet.nic.in पर विजिट कर अपना रिजल्ट चेक कर सकेंगे।

2. रिजर्व बैंक में 950 पदों पर निकली भर्तियां। उम्मीदवार बैंक की वेबसाइट, rbi.org.in पर जाकर आवेदन पत्र भर सकते हैं। सहायक पद भर्ती 2022 के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 फरवरी से शुरू की जानी हैं. जो कि 8 मार्च 2022 तक चलेगी।

क्या रूस, यूक्रेन में युद्ध होने ही वाला है? पूरी तस्वीर समझने के लिए बात करते हैं रक्षा और विदेश मामलों के जानकार हर्ष वी. पंत से।


इस चर्चा के बाद जानेंगे शेयर बाजार के बारे में, लेकिन कहीं जाइएगा नहीं। इसके बाद 'बुक टॉक' में सुनिए जॉर्ज ऑरवेल की प्रसिद्ध रचना के बारे में, जिसकी काल्पनिक दुनिया में सच बसा है। सुनने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें।
1984 जॉर्ज ऑरवेल: क्या यही होगा हमारा भविष्य

अब जानिए शेयर बाजार का हाल
रूस-यूक्रेन बॉर्डर से अच्छी ख़बर आने के बाद गुलजार हुआ भारतीय शेयर बाज़ार। सेंसेक्स 1 हज़ार 736 अंक चढ़कर 58 हज़ार 142 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 510 अंकों की उछाल के साथ 17 हज़ार 352 पर पहुंचा।

इतिहास में आज के दिन के बारे में
1564 में इटली के खगोल वैज्ञानिक गैलीलियो का जन्म। 1869 में शायर मिर्जा गालिब का निधन। 1961 में बेल्जियम का विमान क्रैश होने से 73 लोगों की मौत। 1978 में लिओन स्पिंक्स ने मोहम्मद अली को हराकर वर्ल्ड हैवीवेट बॉक्सिंग का खिताब जीता।

बात करते हैं मौसम की
भारत के कई इलाकों धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। लेकिन देश के कई हिस्सों में एकबार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। 18 फरवरी से नए पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो सकता है। जिसकी वजह से 15 और 16 फरवरी को कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बारिश भी हो सकती है।

अब बारी सुविचार की
गैलीलियो ने कहा था- सभी सत्य आसानी से समझ में आ जाते हैं, बस उन्हें एकबार खोजना पड़ता है।

तो ये था आज का डेली न्यूज़कास्ट, जिसे आप सुन रहे थे अपने साथी अक्षय शुक्ला के साथ। बने रहिए नवभारत गोल्ड पर, धन्यवाद।